
पैगंबर के खिलाफ नुपुर शर्मा की टिप्पणी पर कांग्रेस ने सत्तारूढ़ दल को आड़े हाथ लेते हुए भाजपा से अपने पदाधिकारियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उसका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बदनाम करने वाले पदाधिकारियों पर केवल कार्रवाई करने का नाटक अब नहीं चलेगा। राहुल गांधी और पी. चिदंबरम समेत कई कांग्रेस नेताओं के साथ ही कांग्रेस पार्टी ने ट्विटर हैंडिल पर खुल कर अपनी भड़ास निकाली है। वाम दलों का भी कहना है कि भाजपा ने अन्य देशों के दबाव में आकर पार्टी के पदाधिकारियों पर कार्रवाई की है।
कांग्रेस ने सोमवार को भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए पूछा कि वैश्विक नाराजगी के लिए जिम्मेदार पार्टी नेताओं को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है। ऐसी भारी गलतियों के लिए देश का माफी मांगना अस्वीकार्य है। इस ज्वलंत मसले पर राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके कहा, ‘आंतरिक रूप से बंटने के कारण भारत बाहर से भी कमजोर हो गया है। भाजपा की बेशर्मी भरी कट्टरता ने नासिर्फ हमें अलग-थलग कर दिया है बल्कि भारत के वैश्विक आधार को भी कमजोर किया है।’
कांग्रेस ने इंटरनेट मीडिया पर कई पोस्ट जारी करते हुए भाजपा पर असामाजिक तत्वों के जरिये देश को नफरत की आग में झोंकने का आरोप लगाया है। देश भाजपा की गलतियों के लिए माफी नहीं मांगेगा। लेकिन भाजपा के पार्टी अध्यक्ष को माफी मांगनी चाहिए। पार्टी के असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का ड्रामा करने के बजाय अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश को बदनाम करने वालों को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। नफरत की राजनीति करने वाली भाजपा ने देश को शर्मिदा किया। अपने किए की सजा भाजपा खुद भुगते, देश नहीं।
पुलिस मुख्यालय पर एक प्रेस कांफ्रेंस में पांडेय ने कहा कि नुपूर सिंह के खिलाफ पायधोनी पुलिस स्टेशन में पहले ही रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अब वह कानूनी प्रक्रिया के तहत उनका बयान दर्ज करने के लिए उन्हें समन भेजेंगे। नुपुर के खिलाफ विगत 28 मई को रजा अकादमी के संयुक्त सचिव इरफान शेख ने टीवी पर प्रसारित डिबेट के बाद एफआइआर दर्ज कराई थी।