
दीपक मिश्रा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के कुशल नेतृत्व में मिली जीत-चंद्रकांत पाण्डेय
हरिद्वार, 14 जून। नगर निगम हरिद्वार की दो सीटों पर हुए उपचनुाव में दोनों सीटों पर भारतीय जनता के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। वार्ड नौ व वार्ड साठ के पार्षदों की मृत्यु होने से रिक्त हुई दोनों सीटों के लिए 12 जून को मतदान कराया गया था। मंगलवार को तहसील परिसर में दोनों सीटों के लिए मतगणना करायी गयी। जिसमें वार्ड 9 ब्रह्मपुरी में भाजपा के सुरेद्र मिश्रा व वार्ड नं.60 हरिलोक में भाजपा के ही निशाकांत शुक्ला ने जीत हासिल की।
दोनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत पर पूर्वांचल बिहार महासभा के अध्यक्ष चंद्रकांत पांडे ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह भाजपा की रीति नीतियों की जीत है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के कुशल नेतृत्व में मिली जीत से नगर निगम बोर्ड में भाजपा की स्थिति और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि दोनों विजयी प्रत्याशी पूर्वांचल से हैं। जल्द ही दोनों नवनिर्वाचित पार्षदों का पूर्वांचल बिहार महासभा की और से स्वागत किया जाएगा। जिलाध्यक्ष दिनेश पांडे ने कहा कि पार्टी द्वारा जताए गए भरोसे पर खरा उतरते हुए दोनों प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल समाज हमेशा भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में रहा है। भाजपा सप्तऋषि मण्डल के महामंत्री तरूण नैय्यर ने कहा कि जनता ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की विकास नीतियों पर मोहर लगाते हुए पार्टी के दोनों प्रत्याशियों को विजयश्री प्रदान की।
नवनिर्वाचित पार्षद सुरेंद्र मिश्रा व निशाकांत शुक्ला ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व पार्टी नेतृत्व तथा जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र का विकास कराने के साथ पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगे। इस अवसर पर मनोज पांडेय, संजीव पांडेय, कौशल पांडेय, अजीत कुमार, प्रदीप सिंह, राजकुमार मिश्रा, पवन कुमार, प्रकाश पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।