दो दिन से गंभीर गर्भवती हुई महिला को वेंटिलेटर पर रखकर कराया सुरक्षित प्रसव – prabhatsahara.com

दो दिन से गंभीर गर्भवती हुई महिला को वेंटिलेटर पर रखकर कराया सुरक्षित प्रसव

दीपक मिश्रा

19 अक्टूबर 2026

दौरे पड़ने से गर्भवती की हालत बिगड़ी, दो दिन वेंटिलेटर पर रखा

एमसीएच विंग एनपीपीएल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कराया सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ

हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में दौरे पड़ने से गंभीर हालत में पहुंची 36 सप्ताह की गर्भवती महिला का हरिद्वार स्थित एमसीएच विंग एनपीपीएल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सुरक्षित प्रसव कराया। महिला की हालत बेहद नाजुक थी। इससे गर्भवती और गर्भस्थ शिशु, दोनों की जान को खतरा था। उपचार के बाद अब जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका नाम की गर्भवती महिला को 36 सप्ताह के गर्भ के दौरान दौरे पड़ने लगे थे। लक्सर में प्राथमिक उपचार के बाद उसे हरिद्वार के एमसीएच विंग एनपीपीएल अस्पताल रेफर किया गया। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया और सुरक्षित प्रसव कराया।

महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दो दिन तक वेंटिलेटर पर रखा गया। महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अनामिका शाह और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. आस्था सिंह की देखरेख में महिला का उपचार किया गया। लगातार निगरानी और उपचार के बाद महिला की हालत में सुधार हुआ।

अस्पताल के अनुसार, पूरे उपचार के दौरान मरीज को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। अब जच्चा और बच्चा दोनों की स्थिति सामान्य है। स्वास्थ्य में सुधार को देखते हुए अगले एक-दो दिन में दोनों को अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *