दीपक मिश्रा
25 अक्टूबर 2026
गंभीर हालत में एमसीएच विंग लाया गया नवजात, छह दिन वेंटिलेटर पर रहने के बाद स्वस्थ
फेफड़ों में दूध जाने से बिगड़ी थी बच्चे की हालत, डॉ. विकास गुप्ता और एनआईसीयू टीम के प्रयासों से मिली नई जिंदगी
हरिद्वार। एमसीएच विंग एनपीपीएल अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने गंभीर हालत में लाए गए एक नवजात का सफल उपचार कर उसे स्वस्थ अवस्था में माता-पिता को सौंप दिया। बच्चे की हालत इतनी गंभीर थी कि उसे सांस लेने में परेशानी हो रही थी। फेफड़ों में दूध चले जाने के कारण उसे रेस्पिरेटरी फेल्योर का खतरा पैदा हो गया था। इससे पहले दो अस्पतालों से बच्चे को रेफर किया जा चुका था।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार के नेहरू कॉलोनी, सलेमपुर-2, रावली निवासी राहुल कुमार के बच्चे को गंभीर स्थिति में एमसीएच विंग एनपीपीएल में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने पर बच्चा हांफ रहा था और उसके शरीर में ऑक्सीजन की कमी के कारण नीलापन आ गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनआईसीयू की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया।
डॉ. विकास गुप्ता के नेतृत्व में डॉ. नमन सेठी, डॉ मोहम्मद सलमान, डॉ. शुभम, डॉ. अक्षत और डॉ. स्नेहा सहित टीम ने बच्चे का उपचार किया। नवजात को तीन दिन वेंटिलेटर और अगले तीन दिन सेमी-वेंटिलेटर पर रखकर उपचार दिया गया। छह दिनों तक लगातार चिकित्सकीय निगरानी और उपचार के बाद बच्चे की हालत में सुधार हुआ।
इसके बाद नवजात को स्वस्थ अवस्था में उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। गंभीर स्थिति में पहुंचे बच्चे के स्वस्थ होने से परिजनों ने राहत की सांस ली।