दीपक मिश्रा
17 नवंबर 2026
*युवाओं के लिये खेल, व्यायाम और शारीरिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है- डा० निशंक*
*’सरकार खेल और खिलाड़ियों को दे रही है बढ़ावा’-आदेश चौहान*
*संगीता राणा’ज़ चैम्पियन’स जिम का हुआ भव्य शुभारम्भ*
हरिद्वार। “आज के युवाओं के लिए खेल, व्यायाम और शारीरिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है। हरिद्वार की बेटी अन्तर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टर संगीता राणा ने अपनी खेल उपलब्धियों को, केवल व्यक्तिगत सफलताओं तक सीमित न रखते हुए, युवाओं को स्वस्थ, सशक्त एवं अनुशासित बनाने की दिशा में यह सराहनीय पहल की है।”
उपरोक्त विचार भारत के पूर्व शिक्षा मंत्री, उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री तथा साहित्यकार डाॅ० रमेश पोखरियाल ने डी-क्लस्टर, शिवालिक नगर, में नौ अन्तर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग स्वर्ण पदक जीतने वाली तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित संगीता राणा द्वारा स्थापित ‘संगीता राणा चैंपियंस जिम’ का उद्घाटन करते हुए व्यक्त किये। उन्होंने इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएँ व प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, “मेरा विश्वास है कि यह प्रकल्प क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने, खेलों में आगे बढ़ने तथा राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड एवं भारत का नाम रोशन करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।”
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि ‘एक स्वस्थ व्यक्ति ही देश का आदर्श नागरिक बनने की क्षमता रखता है समय-समय पर संगीता राणा ने अपनी अन्तर्राष्ट्रीय सफलताओं से यही साबित किया है।” इस अवसर पर सरकारों से युवा योगाचार्या, लेखिका, खिलाड़ी एवं कवयित्री चेतन्या सिखोला ने ओलम्पिक खेलों की तरह गैर ओलम्पिक खेलों में देश का परचम लहराने वाले खिलाड़ियों को भी खेल उपकरण, अभ्यास और सेवायोजन जैसी सुविधाएँ देने मांग की। संगीता राणा ने बताया कि आधुनिक मशीनों से लैस उनका यह जिम फिजिकल फिटनेस के अलावा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के पावरलिफ्टर तैयार करने की दिशा में भी काम करेगा। मेयर किरण जैसल ने कहा कि- “एक स्वस्थ इंसान ही स्वस्थ समाज, नगर और देश का निर्माण करता है।”
कार्यक्रम संयोजक, कवि तथा चेतना पथ के सम्पादक अरुण कुमार पाठक ने अतिथिगण का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल व कुशल संचालन श्रीजा त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ रिबन काटने के बाद दीप प्रज्वलन व गणेश वंदना से हुआ। कार्यक्रम में बाडी बिल्डिंग में विश्व विजेता रहे कपिल गुज्जर, के साथ-साथ राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त ओम प्रकाश जमदग्नि, डा. जयपाल सिंह, मनोज गौतम, समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, कवि अरविन्द दुबे, उद्यमी अरुणा वशिष्ठ, वरिष्ठ पत्रकार डा० राधिका नागरथ, सुनील दत्त दुबे, वंदना आर्य, कमल शर्मा, आशुतोष शर्मा, रंजीता झा, संजीव चौधरी, रीना तोमर, बबीता योगाचार्या, डा० प्रिया आहूजा, वृंदा वाणी, मुकेश राणा, सुखपाल सिंह राणा तथा एसडीएम (काशीपुर) राहुल सिंह सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों से अनेक गणमान्य प्रतिनिधि मौजूद थे।