पंचपुरी के गुरुद्वारों में धूमधाम से मनाई गई मघर महीने की संक्रांत – prabhatsahara.com

पंचपुरी के गुरुद्वारों में धूमधाम से मनाई गई मघर महीने की संक्रांत

दीपक मिश्रा

17 नवंबर 2026

हरिद्वार/ पंचपुरी के समस्त गुरुद्वारों में मघर महीने की संक्रांत (वृश्चिक संक्रांत) धूमधाम से मनाई गई। सुबह से देर रात तक गुरुद्वारे में पाठ और शब्द कीर्तन सुनाया गया। निर्मल विरक्त कुटिया डेरा कार सेवा स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारे में सुबह का दीवान सजाया गया जहां सैकड़ों की संगत ने पहुंचकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर बाबा पंडत ने कहा कि सभी को गुरु घर से जुड़ा होना चाहिए। गुरुद्वारा ज्ञान गोदडी के लिए सिक्ख समाज संघर्ष कर रहा है। इसके लिए पिछले दिनों एक प्रतिनिधिमंडल अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज से भी मिला और जल्द सरकार से वार्ता का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जब तक गुरुद्वारे के लिए मूल स्थान प्राप्त नहीं होता तब तक संघर्ष जारी रहेगा। सूबा सिंह ढिल्लों ने कहा कि श्री गुरु नानक प्रकाश पर्व पर ग्रामीण क्षेत्र की सिक्ख संगत को हरकी पैड़ी स्नान जाने की अनुमति प्रदान की जाए। प्रतिवर्ष संगत को डांडी चौक पर रोका जाता है जिससे संगत में भारी रोष व्याप्त है।

निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे में संत जगजीत सिंह शास्त्री और मनप्रीत सिंह ने संक्रांत पर कथा सुनाई। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति परमात्मा से जुड़ जाता है उसे कोई दुख नहीं होता है। जिस परमात्मा ने सुंदर शरीर दिया है उसका सदैव सिमरन करना चाहिए। परमात्मा अपने भक्तों की परीक्षा लेता है लेकिन साथ कभी नहीं छोड़ता। उन्होंने बताया कि गुरु नानक प्रकाश पर्व के अवसर पर 23 नवंबर को सुबह 5 बजे विशेष प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। प्रभात फेरी प्रेमनगर चौक से प्रारंभ होकर कृष्णा नगर, देशरक्षक, दादूबाग पुलिया, कनखल कोतवाली, कनखल चौक से होते हुए गुरु अमरदास गुरुद्वारे तक जाएगी।

इस अवसर पर ज्ञानी पंकज सिंह, सतपाल सिंह, अनूप सिंह, सरबजीत कौर, अपनिंदर कौर, प्रीतम सिंह, इंद्रजीत सिंह, महिपाल सिंह, बीना चिटकरिया, नैनी महेन्द्रू, प्रेम सिंह, अवतार सिंह, उज्जल सिंह सेठी, मनप्रीत सिंह आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *