दीपक मिश्रा
26 नवंबर 2026
संस्कृत को घर घर तक पहुंचाएं: डॉ धनसिंह रावत
हरिद्वार। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् के सभागार में राज्य के संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ० धन सिंह रावत ने संस्कृत शिक्षा विभाग द्वारा संस्कृत शिक्षा के संरक्षण एवं विकास हेतु किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
उत्तराखण्ड संस्कृत सन्स्थानम् (रानीपुर झाल) पधारने पर सन्स्थान के उपाध्यक्ष डॉ नवीनचन्द्र पन्त एवं सचिव प्रोo विनय विद्यालंकाऱ ने पुष्पगुच्छ देकर माननीय मन्त्री जी का स्वागत किया।
संस्कृत शिक्षा मंत्री ने संस्कृत विभाग के सभी अधिकारियों को संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अनेक निर्देश दिए, जिनमें प्रदेश के सभी 13 जनपदों में संस्कृत युवा सम्मेलन के आयोजन, देश व प्रदेश में संस्कृत के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं का शैक्षिक भ्रमण, आदर्श संस्कृत ग्रामों में निरन्तर गतिविधियों के संचालन की विस्तृत योजना बनाए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संस्कृत संस्थानम् द्वारा संस्कृत विद्यालयों के छात्रों दी जाने वाली छात्रवृत्ति और संस्कृत स्पर्धाओं की पुरस्कार राशि सभी स्तरों पर दोगुनी की जाए । साथ ही आदर्श संस्कृत ग्रामों में राष्ट्र निर्माण, भारतीय संस्कृति, नैतिक शिक्षा एवं आदर्श दिनचर्या सम्बंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि संस्कृत विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अध्ययन, प्रोत्साहन एवं पाठ्य उपकरण आदि उपलब्ध कराए जाने हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाए।
बैठक के आरंभ में उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सचिव प्रो0 विनय कुमार विद्यालंकाऱ ने संस्थान द्वारा 95 विकास खंड एवं 13 जनपद एवं राज्यस्तरीय आयोजित कीगयीं संस्कृत स्पर्धा, संस्कृत शोभायात्रा, वेद अध्ययन केंद्र , अमेरिका की संस्था के साथ संस्कृत दिवस आयोजिता करने की सूचनाओं पर आधारित विस्तृत आख्या प्रस्तुत की तथा आगामी आयोजित किए जाने वाले अखिलभारतीय ज्योतिष सम्मलेन, अखिलभारतीय संस्कृत कवि सम्मेलन ( स्वामी श्रद्धानन्द बलिदान शताब्दी को लक्षित करके गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित हो रहा है), षोडश संस्कार प्रशिक्षण कार्यशाला आदि कार्यक्रम का प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया जिस पर माननीय संस्कृत शिक्षामंत्री के द्वारा संतोष प्रकट किया गया।
इस अवसर पर संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रमाकांत पाण्डेय, संस्कृत शिक्षा निदेशक उत्तराखंड श्रीमती मंजू भारती, उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् की वित्त अधिकारी माया देवी, संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश कुमार, संस्थानम् के शोध अधिकारी डॉ. हरीश चन्द्र गुरुरानी, प्रकाशन अधिकारी श्री किशोरी लाल रतूड़ी आदि उपस्थित थे।