दीपक मिश्रा
हरिद्वार/ वार्ड 1 स्थित सप्तऋषि क्षेत्र के गंगा माता नेत्र अस्पताल से लेकर तिराहे तक सीवर का दूषित पानी बहने और नाला निर्माण अधूरा छोड़ने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जनता दूषित पानी में चलने को मजबूर है और शासन प्रशासन आंखे मूंदे बैठा है।
इस अवसर पर अशोक शर्मा ने कहा कि सप्तऋषि क्षेत्र में लोगों का जीवन संक्रमित बीमारी की चपेट में आने वाला है। स्थानीय लोग हो या बाहरी श्रद्धालु सभी को सीवर के दूषित पानी में होकर आवाजाही करनी पड़ रही है। जो कि सभी के लिए निंदनीय है। बाहर से आने वाला श्रद्धालु धर्मनगरी की कैसी छवि लेकर जाता होगा। नाले का निर्माण अधूरा होने से सारा पानी सड़क पर बह रहा है जिससे सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
कार्यक्रम संयोजक सन्नी मल्होत्रा, मुरली मनोहर ने कहा कि जनता को गंदगी में रहने को छोड़ दिया गया है। मेयर से लेकर प्रधानमंत्री तक भाजपा के हैं लेकिन विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। कब तक जनता यह सब झेलेगी। उन्होंने कहा कि रोजाना क्षेत्र में हजारों श्रद्धालु आते जाते हैं उन्हें सीवर के दूषित पानी से होकर निकलना पड़ता है। स्थानीय व्यापारियों का व्यापार भी।चौपट हो गया है। सारा दिन बदबू रहती है। दुकान में बैठना भी मुश्किल हो गया है। ग्राहक भी दुकान में नहीं आता है।
इस अवसर पर पार्षद सुनील कुमार, रवि बाबू शर्मा, वेदांत उपाध्याय, रणवीर शर्मा, मनोज सैनी, अनंत पांडे, विकास चंद्रा, मनोज कुमार, मुलायम सिंह, हरेराम, करण राणा, रामबाबू शर्मा, हरद्वारी लाल, सतपाल, अजय दास महाराज, सतीश यादव, दीपू पुनेठा, संदीप कुमार, राजकुमार मल्होत्रा, अशोक कुमार, सतेंद्र, पवन सिंह आदि शामिल थे।