दीपक मिश्रा
7 अक्टूबर 2026
वोट बचाओ-देश बचाओ यात्रा में भिड़े कांग्रेसी नेता, कहासुनी के बाद हाथापाई
हरिद्वार। कांग्रेस की ओर से बुधवार को हरिद्वार में निकाली गई ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ यात्रा उस समय चर्चा में आ गई, जब कार्यक्रम के दौरान पार्टी के दो नेताओं के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा होती रही।
यात्रा के दौरान लालढांग क्षेत्र निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुरजीत लहरी और रुड़की क्षेत्र के कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई और बाद में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को अलग कराया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुरजीत लहरी का कहना है कि जितेंद्र पंवार ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के संबंध में टिप्पणी की थी। इसी बात को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। लहरी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों का सम्मान करना चाहिए। उनका कहना था कि व्यक्तिगत मतभेदों को पार्टी के मंच पर नहीं लाना चाहिए।