गोविंदपुरी घाट पर संस्कार भारती ने दीपदान कर दिया संस्कृति संरक्षण और स्वच्छता का संदेश – prabhatsahara.com

गोविंदपुरी घाट पर संस्कार भारती ने दीपदान कर दिया संस्कृति संरक्षण और स्वच्छता का संदेश

दीपक मिश्रा

21 नवंबर 2026

संस्कार भारती ने आस्था के दीप जलाकर दिया संस्कृति संंरक्षण का संदेश

हरिद्वार। भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं आध्यात्मिक चेतना के संरक्षण और संवर्धन के संकल्प को साकार करते हुए संस्कार भारती महानगर इकाई, हरिद्वार द्वारा देवउठनी एकादशी एवं उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल (बूढ़ी दीपावली) के पावन अवसर पर श्रद्धा, उत्साह एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ गोविंदपुरी घाट, हरिद्वार में आस्था एवं आध्यात्मिकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ गोविंदपुरी घाट पर स्वच्छता अभियान के साथ हुआ। संस्कार भारती परिवार के सदस्यों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने स्वच्छता को सामाजिक दायित्व मानते हुए घाट परिसर की साफ-सफाई में सहभागिता की। इस अवसर पर संदेश दिया गया कि हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्थाओं के केंद्र तभी सुंदर और पवित्र बने रह सकते हैं, जब हम उनके संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति भी समान रूप से जागरूक रहें।

संस्था की मातृ शक्तियों ने फूलों की सुन्दर रंगोली बनाकर माँ गंगा के तट को भव्यता से सजाया एवं दीप सज्जा करके आयोजन स्थल को पारम्परिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। सायंकाल में आचार्य शिवनारायण शर्मा ने गंगा तट पर दीप प्रज्ज्वलित कराकर गंगा पूजन एवं आरती के साथ दीपदान कार्यक्रम सम्पन्न कराया। प्रज्वलित असंख्य दीपों की स्वर्णिम आभा ने वातावरण को भक्तिमय किया एवं दीपों की मनोहारी छटा ने भारतीय संस्कृति की उस सनातन परंपरा को जीवंत किया, जिसमें- ‘दीप केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि श्रद्धा, सद्भाव, सकारात्मकता एवं राष्ट्र के मंगल की कामना का संदेश भी है’ का भाव समाहित था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारें अध्यात्म चेतना संघ के संस्थापक, कथाव्यास, आचार्य करुणेश मिश्र एवं पूर्व महाप्रबंधक भेल एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संपर्क प्रमुख संजय पवार ने अपने आतिथ्य उद्बोधन में देवउठनी एकादशी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ उत्तराखंड के लोकपर्व इगास-बग्वाल की सांस्कृतिक परंपराओं पर भी प्रकाश डाला, साथ ही उपस्थित जनसमुदाय से कहा कि आधुनिकता के इस दौर में अपनी लोकसंस्कृति, पारंपरिक पर्वों, रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी भी है।

इस अवसर पर संस्कार भारती परिवार ने एक स्वर में यह संकल्प व्यक्त किया कि- ‘भारतीय संस्कृति की जड़ें केवल उत्सवों के आयोजन से मजबूत नहीं होतीं, बल्कि उनके पीछे निहित जीवन मूल्यों, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सेवा भाव को अपने आचरण में उतारने से होती हैं।’

कार्यक्रम के अंत में समाज सेवी रोहन सहगल जी ने कहा कि संस्कार भारती का यह पावन आयोजन भारतीय संस्कृति के संरक्षण, लोकपर्वों के संवर्धन, स्वच्छता के प्रति सामाजिक जागरूकता एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार की दिशा में एक सार्थक पहल रहा। इकाई मंत्री संतोष कुमार साहू ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, ‘समाज की सामूहिक सहभागिता ही हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत एवं चिर स्थायी बनाती है। संस्कार भारती का हमेशा से लोक कला एवं लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का भाव रहा हैं।”

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार द्वारा हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के नव नामित सदस्य एवं संस्कार भारती के संरक्षक डॉ विशाल गर्ग के साथ ही वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति जगदीश लाल पाहवा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य समाजसेवी रोहन सहगल, प्रमोद शर्मा, महेन्द्र आहूजा, डॉ० महेश चंद्र काला, डॉ० गौरव गुप्ता, डॉ० नूपुर गुप्ता, संस्कार भारती उत्तराखंड प्रान्त मंत्री राकेश मालवीय, प्रांतीय मातृ शक्ति प्रमुख ज्योति भट्ट, इकाई उपाध्यक्ष पुष्प लता हंस, सेवा भारती से सुभाष हंस, संस्कार भारती परिवार से रीना शर्मा, राजामनी शर्मा, श्रीजा त्रिपाठी, प्रीति, प्रिया सेठी, निशा कश्यप, सुषमा साहू, नीता नय्यर, राजकुमारी राजेश्वरी, आशा साहनी, अपराजिता, प्रियंका, कोषाध्यक्ष कमल सैनी, सुनील सैनी, चंद्र मोहन, रविंद्र सोनी, मनीष त्रिपाठी के साथ कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *