दीपक मिश्रा
13 नवंबर 2026
जनगणना प्रशिक्षण में 450 में से 146 कर्मचारी रहे अनुपस्थित
चार्ज अधिकारी ने दी अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश
हरिद्वार। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत शुक्रवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रशिक्षण के पहले दिन हरिद्वार ग्रामीण के जनगणना चार्ज अधिकारी अंबरीष शर्मा ने कर्मचारियों को जनगणना से संबंधित कार्यों और उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के पहले दिन कुल 450 कर्मचारियों में से 146 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों के प्रशिक्षण में नहीं पहुंचने पर उन्होंने नाराजगी जताई। अंबरीष शर्मा ने स्पष्ट किया कि जनगणना का कार्य राष्ट्रीय महत्व का है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के साथ ही प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।