दीपक मिश्रा
27 नवंबर 2026
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में हरिद्वार के बाल वैज्ञानिकों का राज्य स्तर पर चयन
बीएमएल मुंजाल स्कूल का सीनियर एवं जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन, 2 व 3 दिसंबर को हल्द्वानी में होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
हरिद्वार , पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज रुड़की में शुक्रवार को जनपद हरिद्वार की 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से चयनित विद्यालयों के बाल वैज्ञानिकों ने अपनी वैज्ञानिक परियोजनाओं एवं शोध पत्रों का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों से छह बाल वैज्ञानिकों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम अध्यक्ष श्री शाने करीम सिद्दीकी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक श्री सुरेश चंद्र, विभिन्न विकासखंडों के समन्वयक, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, निर्णायक मंडल के सदस्य, मार्गदर्शक शिक्षक तथा आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की 25 टीमों के प्रतिभागियों ने पांच प्रमुख विषयों के अंतर्गत अपनी परियोजनाओं का प्रथम चरण में प्रस्तुतीकरण किया। इनमें पोषण, सतत कृषि, जैविक खेती एवं स्वास्थ्य विषय के अंतर्गत सर्वाधिक परियोजनाएं प्रस्तुत की गईं। इसके अतिरिक्त अपशिष्ट प्रबंधन हेतु R-5 के अंतर्गत 10, ऊर्जा (E-4) के अंतर्गत 4, जल संरक्षण विषय पर 6 तथा सतत विकास हेतु भारतीय प्रणालियों के अनुप्रयोग विषय पर 8 परियोजनाएं प्रस्तुत की गईं।
मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य शाने करीम सिद्दीकी ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई परियोजनाओं का अवलोकन भी किया।
जिला विज्ञान समन्वयक श्री सुरेश चंद्र ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की रूपरेखा, उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा इस प्रकार के आयोजनों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में सीनियर वर्ग में बीएमएल मुंजाल स्कूल ने प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में बीएमएल मुंजाल स्कूल ने प्रथम, जीजीआईसी भैरी ने द्वितीय तथा पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज रुड़की ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर चयनित बाल वैज्ञानिकों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कवि एवं साहित्यकार नरेश राजवंशी, डॉ. रविंद्र चौहान, देवेंद्र पाल, सुभाष पवार, सुभाष शर्मा, बिंदेश्वरी तिवारी एवं उमेश बहुगुणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। चयनित बाल वैज्ञानिक अब 2 एवं 3 दिसंबर 2026 को एफटीआई, हल्द्वानी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में जनपद हरिद्वार का प्रतिनिधित्व करेंगे।