ओबीसी समाज के साथ विश्वासघात कर रही है बीजेपी सरकार – कंवरदीप सैनी

दीपक मिश्रा 

नौकरियों में ओबीसी के लोगों को आरक्षण दें केंद्र और राज्य सरकारें – आलोक शर्मा

हरिद्वार, 3 सितंबर, 26 । कांग्रेस ओबीसी विभाग के ग्रामीण जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा के नेतृत्व में एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय सैनी के संयोजन में ओबीसी समाज का एक स्वागत समारोह शिवालिक नगर के एक बैंक्वेट हाल में संपन्न हुआ।

स्वागत समारोह में कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी कंवर दीप सैनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। ओबीसी समाज के लोगों ने फुलमाला पहनाकर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इससे पूर्व ओबीसी समाज के लोगों ने बाबा साहेब आंबेडकर, ज्योतिबा फुले, सावित्री बाई फूले को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित कर दीप प्रज्वलन से स्वागत समारोह का शुभारंभ किया।

जातिगत जनगणना पर बोलते हुए कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी कंवर दीप सैनी ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि जातिगत जनगणना फॉर्म में ओबीसी का कॉलम ही नहीं दिया गया जो बीजेपी की मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना के फॉर्म में सभी जातियों का वर्णन है जबकि ओबीसी का कहीं कोई जिक्र नहीं है। आखिर बीजेपी सरकार क्या सिद्ध करना चाहती है ? ओबीसी समाज की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस बाबत मोदी सरकार को एक पत्र लिखा है और उसमें उन्होंने सुझाव और आपत्ति दोनों का जिक्र करते हुए लिखा है कि ओबीसी समाज को भी पूरा सम्मान मिले और जातिगत जनगणना फॉर्म में उनको भी स्थान मिले।

इस समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने बीजेपी सरकार को घेरते हुए कहा कि मोदी जी खुद ही ओबीसी समाज से आते हैं सब जगह ओबीसी की बात करते हैं लेकिन जातिगत जनगणना फॉर्म में अपने समाज को स्थान न देकर उनकी उपेक्षा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय और राजकीय नौकरियों में ओबीसी समाज के लोगों को पर्याप्त आरक्षण मिले और उनकी नौकरियां निश्चित की जायें। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों में अनेकों पद ओबीसी समाज के आरक्षण के हिसाब से रिक्त पड़े हैं लेकिन बीजेपी सरकार नौकरियों की व्यवस्था नहीं कर पा रही है।

उन्होंने सरकार को चेताया कि आने वाले राज्य और केंद्रीय चुनावों में ओबीसी समाज बीजेपी सरकार का पुरजोर विरोध करेगा और कांग्रेस की सरकार बनाएगा।

समारोह का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने किया। समारोह में हरिद्वार कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ गौरव चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, अनिल चौधरी, विनोद कश्यप, नंद लाल यादव सहित ओबीसी समाज के कई गणमान्य लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *