दीपक मिश्रा
हरिद्वार/ सप्तऋषि क्षेत्र में जलभराव और सीवर चौक से परेशान स्थानीय व्यापारियों ने पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में डमरू बजाकर शासन प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अशोक शर्मा, करण राणा ने कहा कि पिछले 25 वर्षों से विधायक द्वारा किया जा रहा विकास सामने आ रहा है। यात्री बाहुल्य क्षेत्र में जलभराव, सीवर लाइन चौक, सड़क क्षतिग्रस्त से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जब तक समस्या का निराकरण नहीं होता तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। सरकार को जगाने के लिए डमरू बजाया जा रहा है। विधायक पांच वर्ष में एक बार आते हैं जब वोट चाहिए होता है।
सन्नी मल्होत्रा, पार्षद सुनील कुमार ने कहा कि प्रशासन और नगर निगम गहरी नींद में सोया हुआ है उसे जगाने का कार्य किया जा रहा है। पूरे शहर का बुरा हाल है। लोग परेशानियों को झेल रहे हैं। जहां जाओ सड़क क्षतिग्रस्त है। विकास हो रहा है या विनाश कुछ समझ नहीं आ रहा है। सारे व्यापारी परेशान हैं। लोग चोटिल हो रहे हैं लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है।
स्थानीय व्यापारी जितेंद्र सिंह, मनोज ने कहा कि इसके कारण व्यापार भी चौपट हो रहा है। दुकान का किराया निकालना भी मुश्किल है। क्षेत्र के आश्रम, मंदिर में रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। सभी सीवर के दूषित पानी से होकर निकलते हैं। संक्रमित बीमारी का भी खतरा मंडरा रहा है।
इस अवसर पर मोहन चंद्र, सुनील शर्मा, अजय, कर्तव्य ममगई, विकास कुमार, अंकुश भाटिया, प्रिंस, राजेंद्र, ओमप्रकाश आदि शामिल थे।