उत्तराखंड के वीर सपूत अजीत डोभाल पर राहुल की टिप्पणी निंदनीय-आशुतोष शर्मा – prabhatsahara.com

उत्तराखंड के वीर सपूत अजीत डोभाल पर राहुल की टिप्पणी निंदनीय-आशुतोष शर्मा

दीपक मिश्रा

13 अक्टूबर 2026

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल जी पर राहुल गांधी की अमर्यादित टिप्पणी की भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की कड़ी निंदा

हरिद्वार। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एवं उत्तराखंड के वीर सपूत श्री अजीत डोभाल जी के संबंध में की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी, जिला हरिद्वार के जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की है।

आशुतोष शर्मा ने कहा कि श्री अजीत डोभाल जी देश के उन वीर सपूतों में से हैं, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए समर्पित किया है। उनका साहस, राष्ट्र के प्रति समर्पण और सुरक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव का विषय है। ऐसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी के प्रति सार्वजनिक मंच से की जाने वाली अमर्यादित टिप्पणी न केवल उनके सम्मान को ठेस पहुँचाती है, बल्कि देश की सुरक्षा व्यवस्था में योगदान देने वाले सभी राष्ट्रसेवकों के प्रति भी असम्मानजनक संदेश देती है।

राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन देश की सुरक्षा, सेना एवं राष्ट्रहित में कार्य करने वाले व्यक्तियों के सम्मान से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। विपक्ष के किसी भी नेता को अपनी राजनीतिक बात रखने का अधिकार है, लेकिन भाषा की मर्यादा और राष्ट्रीय संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।

उत्तराखंड वीरों की भूमि है। इस पावन धरती के सपूत श्री अजीत डोभाल जी ने अपने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति से देश का मान बढ़ाया है। उनके योगदान पर प्रत्येक उत्तराखंडी और देशवासी को गर्व है।

राहुल गांधी से अपेक्षा की कि वे अपने वक्तव्यों में सार्वजनिक जीवन की मर्यादा और राष्ट्रहित के प्रति सम्मान बनाए रखें। भाजपा ने स्पष्ट किया कि राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े विषयों पर राजनीति करने के बजाय सभी राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी और संयम का परिचय देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *