(महानगर कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने दी तहरीर) दुर्घटना प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों पर मुकदमे की मांग – prabhatsahara.com

(महानगर कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने दी तहरीर) दुर्घटना प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों पर मुकदमे की मांग

दीपक मिश्रा

26 अक्टूबर 2026

तुषार कपिल दुर्घटना प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग, अमन गर्ग के नेतृत्व में कांग्रेस ने दी तहरीर

जनता की जान जोखिम में डालने वाली लापरवाही पर जवाबदेही तय होनी चाहिए: अमन गर्ग

हरिद्वार। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता तुषार कपिल के सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के मामले में आज जिला महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमन गर्ग के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को तहरीर देकर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की।

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने आरोप लगाया कि सड़क पर खतरनाक ढंग से ऊँचा उठा सीवर का ढक्कन और संबंधित विभागों की लापरवाही इस गंभीर दुर्घटना का कारण बनी,

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 22 अक्टूबर को भूपतवाला क्षेत्र में होटल रमाया इन के सामने सड़क से लगभग आठ से नौ इंच ऊँचे उठे सीवर के ढक्कन से तुषार कपिल की बाइक टकरा गई, दुर्घटना में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उनका देहरादून स्थित सीएमआई अस्पताल में उपचार चल रहा है। तहरीर में परियोजना प्रबंधन एवं एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है,

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा नेता वरुण बालियान और वरिष्ठ नेता अरविंद शर्मा ने कहा कि तुषार कपिल और उनके परिवार की पीड़ा हम सभी की पीड़ा है, इस कठिन समय में पूरी कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षित चलना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। विकास कार्यों के नाम पर सड़क पर ऐसे खतरे छोड़ देना, जो किसी की जान पर भारी पड़ जाएं, किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता,

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी और ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु राजपूत ने भाजपा सरकार और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर जिम्मेदारों की नींद किसी गंभीर दुर्घटना के बाद ही क्यों खुलती है? सड़क से ऊँचे उठे सीवर के ढक्कन और अधूरे कार्य समय रहते ठीक क्यों नहीं किए गए? उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा आवाज उठाने और विरोध प्रदर्शन करने के बाद मरम्मत का काम शुरू होना विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है, यदि यही काम पहले किया गया होता तो तुषार को इस पीड़ा से बचाया जा सकता था,

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव और पार्षद हिमांशु गुप्ता ने कहा कि दुर्घटना के बाद केवल ढक्कन ठीक कर देना पर्याप्त नहीं है, यह भी तय होना चाहिए कि खतरनाक स्थिति बनी कैसे, उसे समय रहते दूर क्यों नहीं किया गया और इसके लिए कौन जिम्मेदार है? जनता की सुरक्षा की अनदेखी करने वालों की जवाबदेही तय किए बिना ऐसे हादसों को रोकने का भरोसा कैसे दिया जा सकता है? सरकार और प्रशासन को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए निष्पक्ष जांच तथा ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए,

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता वीरेंद्र श्रमिक और महानगर कांग्रेस महासचिव तरुण व्यास ने मांग की कि तहरीर पर तत्काल संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज किया जाए, संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो तथा शहर की सड़कों पर मौजूद ऊँचे सीवर ढक्कनों और अधूरे कार्यों का निरीक्षण कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाए,

जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि तुषार कपिल को न्याय दिलाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए कांग्रेस इस मामले को लगातार उठाएगी। कार्रवाई में टालमटोल हुई तो महानगर कांग्रेस आगे आंदोलन की रूपरेखा तय करेगी।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से पूर्व अध्यक्ष यूथ कांग्रेस रवि बाबू शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव व प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा, बलराम गिरी कड़क,डा सुशील शर्मा,यश शर्मा, सन्नी सक्सेना, आशीष प्रधान, मोहित शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि अकरम अंसारी,अयान सैफी, रवि ठाकुर,करन सिंह राणा,शुभम जोशी आदि कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *