दीपक मिश्रा
31 अक्टूबर 2026
भागीरथ महोत्सव मेला में सजेगा सांस्कृतिक मंच, तीन लोकप्रिय गायकों की प्रस्तुतियों से झूमेंगे हरिद्वारवासी
झूले, खरीदारी और मनोरंजन का अनूठा संगम बना भागीरथ महोत्सव मेला
हरिद्वार। भागीरथ जनकल्याण सेवा समिति द्वारा आयोजित भागीरथ महोत्सव मेला 2026 में हरिद्वारवासियों के मनोरंजन के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि मेले के सांस्कृतिक मंच पर तीन लोकप्रिय गायकों की प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें भोजपुरी संगीत के कलाकार भी अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक मंच पर 1 नवंबर 2026 को सा रे गा मा पा फेम ममता भारद्वाज, 3 नवंबर को भोजपुरी नाइट में राधा श्रीवास्तव एवं 5 नवंबर को पहाड़ी सिंगर अनिल खरे व मंजू नौटियाल की प्रस्तुतियां होनी हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से हरिद्वारवासियों को संगीत और मनोरंजन की यादगार शामों का आनंद मिलेगा।
अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि भागीरथ महोत्सव मेला केवल खरीदारी और मनोरंजन का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक मेलजोल, सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक मनोरंजन का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
मेले में बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले लगाए गए हैं। वहीं, खरीदारी के शौकीनों के लिए कपड़ों, घरेलू उपयोग की वस्तुओं, क्रॉकरी, फर्नीचर और अन्य जरूरत के सामान की दुकानें सजाई गई हैं। खानपान के स्टॉल भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
मेले में परिवार के साथ घूमने आने वाले लोगों के लिए मनोरंजन, खरीदारी और स्वादिष्ट व्यंजनों का भरपूर आनंद लेने का अवसर है। आकर्षक सजावट, विभिन्न प्रकार के झूले और सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं।
समिति अध्यक्ष मनोज यादव व टीम भागीरथ ने हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ भागीरथ महोत्सव मेले में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लें तथा मेले को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।