दीपक मिश्रा
31 अक्टूबर 2026
हरिद्वार/ मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार के कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि नगर निगम को कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। यूनीपोल का खेल चल रहा है। कंपनियों को मुफ़्त में भूमि, यूनीपोल दिये जा रहे हैं। जनता के पैसों को अधिकारी स्थानीय विधायक, कैबिनेट मंत्री के इशारे पर ठिकाने लगाया जा रहा है। बिना किश्त लिए यूनीपोल दिए जा रहे हैं। करोड़ो रुपए का घोटाला हो रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ठेकेदार के पास 85 पोल की अनुमति है और 165 पर विज्ञापन लगा हुआ है। उसकी भी किश्त ठेकेदार से नहीं ली जा रही है। निगम कर्मचारियों को नियमित किया नहीं जा रहा है और करोड़ो रुपए की बंदरबांट हो रही है। दो वर्ष का ठेका 3 करोड़ 96 लाख 61500 रुपए है और कंपनी जमा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि निगम को बचाने के लिए सड़क पर संघर्ष होगा। इसके लिए आत्मदाह भी करना पड़ा तो करेंगे। निगम में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा।
इस अवसर पर पार्षद सुनील कुमार, दिनेश पुंडीर, पुनीत कुमार, वसीम सलमानी, आशु श्रीवास्तव आदि शामिल थे।