सिडकुल में स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई – prabhatsahara.com

सिडकुल में स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई

दीपक मिश्रा

16 नवंबर 2026

सिडकुल क्षेत्र में स्कूली वाहनों की संयुक्त चेकिंग, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के किए गए चालान

उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के तत्वावधान में 22 नवम्बर तक स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे स्कूल बसों, स्कूल वैन एवं कैब की सघन जांच हेतु एक सप्ताह का विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है।

जनपद हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में स्कूली वाहनों की संयुक्त चेकिंग की गई। चेकिंग अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सिमरनजीत कौर तथा रिटेनर अधिवक्ता श्रीमती नीलू शर्मा के साथ परिवहन विभाग के क्षेत्रीय निरीक्षक (RI) आनंद वर्धन एवं तकनीकी टीम द्वारा संयुक्त रूप से वाहनों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान स्कूली वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों, सुरक्षा मानकों एवं निर्धारित यातायात नियमों का पालन किए जाने की जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

उक्त संयुक्त निरीक्षण अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती सिमरनजीत कौर, रिटेनर अधिवक्ता श्रीमती नीलू शर्मा, परिवहन विभाग के क्षेत्रीय निरीक्षक (RI) श्री आनंद वर्धन, परिवहन उपनिरीक्षक श्री अश्वनी कुमार एवं श्री आनंद असवाल, परिवहन कांस्टेबल श्री सुभाष एवं श्री निपुल तथा परिवहन सहायक निरीक्षक श्री संदीप कुमार उपस्थित रहे।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा स्कूल वाहनों का संचालन निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं परिवहन विभाग द्वारा आमजन एवं स्कूल प्रबंधन से अपील की गई है कि वे स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *