रानीपुर विधानसभा में ₹3.41 करोड़ के चार सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति
शिवालिकनगर के विभिन्न वार्डों में होगा सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण — हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक श्री आदेश चौहान के प्रस्ताव पर चार महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹3.41 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों के अंतर्गत शिवालिकनगर नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़कों का चौड़ीकरण, डामरीकरण, पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
स्वीकृत कार्यों में वार्ड संख्या 02 में ₹99.42 लाख की लागत से लगभग 4.5 किलोमीटर सड़क, शिवालिकनगर शिव मंदिर से चिन्मय डिग्री कॉलेज की ओर जाने वाले लगभग 1 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण हेतु ₹45.26 लाख, वार्ड संख्या 03 में ₹97.48 लाख की लागत से लगभग 2 किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण तथा वार्ड संख्या 04 में ₹99.11 लाख की लागत से लगभग 5 किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण किया जाएगा।
विधायक श्री आदेश चौहान ने सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार क्षेत्रीय आवश्यकताओं और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है। मुख्यमंत्री श्री धामी की विकासपरक सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से रानीपुर विधानसभा में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि इन सड़कों के चौड़ीकरण, डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के हजारों परिवारों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। सड़कें मजबूत होने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।
रानीपुर विधायक ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी है और क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप सभी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।