हीरो मोटोकॉर्प कर्मचारी महासंघ की आम सभा, कर्मचारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा

दीपक मिश्रा

2 अक्टूबर 2026

हीरो मोटोकॉर्प कर्मचारी संघ की आम सभा बैठक संपन्न

मांगपत्र, कर्मचारियों की समस्याओं, यूनियन को मान्यता न देने एवं श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर हुई चर्चा

हरिद्वार। गंगा फार्म हाउस, बहादराबाद में हीरो मोटोकॉर्प कर्मचारी संघ (सम्बद्ध: भारतीय मजदूर संघ) की आम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों के मांगपत्र, विभिन्न समस्याओं, प्रबंधन द्वारा रजिस्टर्ड यूनियन को मान्यता न दिए जाने तथा श्रमिकों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए हीरो मोटोकॉर्प कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एवं भारतीय मजदूर संघ, उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान तथा यूनियन के मांगपत्र पर सकारात्मक कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रजिस्टर्ड यूनियन को मान्यता न देना कर्मचारियों के संगठनात्मक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। प्रबंधन को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए यूनियन के साथ संवाद स्थापित करना चाहिए।

श्री सिंघल ने श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए श्रम विभाग की ओर से अपेक्षित तत्परता दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से श्रमिकों की समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि श्रम विभाग ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो भारतीय मजदूर संघ निर्णायक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

हीरो मोटोकॉर्प कर्मचारी संघ के महामंत्री श्री पवन शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं मांगों को संगठन पूरी गंभीरता से प्रबंधन के समक्ष रख रहा है। मांगपत्र में शामिल विषयों पर सकारात्मक एवं समयबद्ध वार्ता के माध्यम से समाधान की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े प्रत्येक विषय पर संगठन पूरी एकजुटता के साथ कार्य करेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित संगठनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

आम सभा में मांगपत्र के विभिन्न बिंदुओं, कर्मचारियों की अन्य समस्याओं तथा उनके समाधान के लिए आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित कर्मचारियों ने संगठन को मजबूत करने और श्रमिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

बैठक में उपाध्यक्ष शोभन कुमार, उपाध्यक्ष सागर असवाल, मंत्री अजीत राणा, संगठन मंत्री श्री योगेश यादव, प्रचार मंत्री चिरंजी लाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र भंडारी तथा कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन सिंह, संदीप शर्मा, भरत सिंह, मनीष कंडवाल एवं राजेंद्र सेमवाल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *