दूरस्थ क्षेत्रों में कैंप लगाकर चिन्हित होंगी हाई रिस्क गर्भवती महिलाएं – prabhatsahara.com

दूरस्थ क्षेत्रों में कैंप लगाकर चिन्हित होंगी हाई रिस्क गर्भवती महिलाएं

दीपक मिश्रा

7 अक्टूबर 2026

दूरस्थ क्षेत्रों के सीएचसी में कैंप लगाकर चिन्हित की जाएंगी हाई रिस्क गर्भवती महिलाएं

हरिद्वार। जिला अस्पताल परिसर में संचालित 200 बेड के मातृ एवं शिशु अस्पताल में मातृ-शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम करने के उद्देश्य से नई पहल शुरू करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की जांच कर गंभीर और अति गंभीर यानी हाई रिस्क गर्भावस्था के मामलों को समय रहते चिन्हित किया जाएगा।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, कई बार दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं में जटिलताओं की समय पर पहचान नहीं हो पाती है। इसके कारण प्रसव के दौरान मां और नवजात को गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। नई व्यवस्था के तहत ऐसे मामलों की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही करने पर जोर दिया जाएगा।

कैंप में चिन्हित गंभीर एवं अति गंभीर गर्भवती महिलाओं को जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल में रेफर किया जाएगा। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनकी जांच और उपचार किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर प्रसव और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय से पहचान और उपचार से प्रसव संबंधी जटिलताओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है। योजना का उद्देश्य मातृ एवं नवजात मृत्यु दर को लगभग समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *