दीपक मिश्रा
हरिद्वार, 21 सितम्बर। भूपतवाला स्थित राजकीय डिग्री कालेज के छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार 11 सूत्रीय मांगों को लेकर श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। प्रदर्शन के बाद छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य के माध्यम से राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में जर्जर भवन मे संचालित हो रहे महाविद्यालय को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, एनएसएस परीक्षा उर्त्तीण करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र जारी करने, परीक्षा परिणाम में त्रुटि व गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर निलंबन, जुर्माना आदि दंडात्मक कार्रवाई के लिए नियम तय करने, उत्तर पुस्तिका पुनर्मूल्यांकन शुल्क 2500 से घटाकर 150 रूपए करने, समय सीमा की बाध्यता समाप्त करने, शिकायतों का निस्तारण 7 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से करने और कार्यवाही के बारे में जानकारी देने, सूचना के अधिकार के अधिनियम के अंतर्गत उत्तर पुस्तिका की छायाप्रति समय पर उपलब्ध कराने, अनुपस्थित दिखाकर अनुत्तीर्ण किए गए छात्रों के परिणामों की जांच कर ठीक करने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के दिशा निर्देशों को पूर्ण रूप से लागू कर 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को उत्तीर्ण घोषित करने, परीक्षा परिणाम लीक मामले में शिवालिक कालेज ऑफ इंजीनियरिंग देहरादून के छात्र अंकित की शिकायत पर एसआईटी जांच और कार्रवाई, छात्र संघ चुनाव जल्द से जल्द करवाने आदि मांगे शामिल की गयी हैं। वरिष्ठ छात्र नेता कपिल शर्मा जौनसारी, रितेश शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता सोमित डे, मनोज निषाद तथा श्री रामलीला समिति के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया। मनोज निषाद ने बताया कि पूर्व में सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया था। महाविद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से विश्वविद्यालय को भी ज्ञापन भेजा गया थ। जिनका कोई संज्ञान नहीं लि जाने पर छात्र छात्राएं आंदोलन करने को मजबूर हुए हैं। मनोज निषाद, मुस्कान चौधरी, मानसी श्रीवास्तव , आदित्य ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा कि महाविद्यालय और विश्वविद्यालय के स्तर पर हो रही गड़बड़ी से छात्र-छात्राओं के हितों का हनन हो रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से मुस्कान चौधरी, आशीष कुमार, मानसी श्रीवास्तव, आदित्य पांडेय, मानसी गोयल, कोमल यादव, पायल सैनी, तानिया पाल, आदर्श गोयल, अंशु शर्मा सहित तमाम छात्र-छात्राएं शामिल रहे।