भारतीय मजदूर संघ उत्तराखण्ड का तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग एवं प्रदेश कार्यसमिति बैठक हरिद्वार में प्रारंभ
सांगठनिक अनुशासन, वैचारिक सुदृढ़ता एवं श्रमिक हितों के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर होगा मंथन
भारतीय मजदूर संघ (BMS) उत्तराखण्ड के तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग एवं प्रदेश कार्यसमिति बैठक का शुभारंभ शुक्रवार को चंडीगढ़ भवन, में भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ हुआ। यह अभ्यास वर्ग 27 सितम्बर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से संगठन के पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता प्रतिभाग कर रहे हैं।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए क्षेत्र संगठन मंत्री, उत्तर मध्य क्षेत्र, BMS अनुपम जी ने सांगठनिक अनुशासन, कार्यपद्धति एवं संगठन के विस्तार पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं में निहित है। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक श्रमिक तक पहुंचना तथा उसकी समस्याओं को समझकर प्रभावी ढंग से उठाना समय की आवश्यकता है।
इसके पश्चात केन्द्रीय कार्यसमिति सदस्य, BMS श्री दीनानाथ जी ने भारतीय मजदूर संघ की विचारधारा एवं कार्यदृष्टि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ देश का सबसे बड़ा गैर-राजनीतिक श्रमिक संगठन है। बीएमएस का दर्शन वर्ग संघर्ष के स्थान पर वर्ग समन्वय पर आधारित है, जिसमें श्रमिक, उद्योग और राष्ट्र को परस्पर पूरक मानते हुए औद्योगिक विकास एवं श्रमिक कल्याण के बीच संतुलन स्थापित करने पर बल दिया जाता है।
मुख्य वक्ता अखिल भारतीय प्रभारी, कार्यकर्ता विकास प्रकोष्ठ, BMS श्री सुनील किरवई जी ने कार्यकर्ताओं का वैचारिक मार्गदर्शन करते हुए भारतीय मजदूर संघ की मूलभूत रीति-नीति एवं कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र हित, उद्योग हित और श्रमिक हित” के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को वैचारिक रूप से सुदृढ़, कार्यकुशल एवं संगठन के प्रति समर्पित होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सर्वांगीण विकास तथा संगठन के कार्य को निस्वार्थ भाव से आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
प्रदेश महामंत्री श्री सुमित सिंघल जी ने आगामी तीन दिनों की कार्ययोजना एवं विभिन्न सांगठनिक सत्रों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभ्यास वर्ग के दौरान श्रम कानूनों, वर्तमान औद्योगिक चुनौतियों, संविदा एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं तथा संगठनात्मक विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही संगठन को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए भावी कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश जोशी ने केंद्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों तथा प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के श्रमिकों के अधिकार, सुरक्षा, सम्मान एवं समग्र कल्याण के लिए भारतीय मजदूर संघ सदैव प्रतिबद्ध रहा है। श्रमिक हितों से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाने तथा उनके न्यायोचित समाधान के लिए संगठन निरंतर सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग में उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों एवं औद्योगिक इकाइयों से आए पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर रहे हैं। आगामी दो दिनों में विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण, वैचारिक मार्गदर्शन, सांगठनिक समीक्षा एवं कार्ययोजना से संबंधित सत्र आयोजित किए जाएंगे।