दीपक मिश्रा
10 अक्टूबर 2026
बहादराबाद श्रीरामलीला मंच पर पत्थरबाजी और हुड़दंग से मचा हड़कंप, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
रामलीला कमेटी ने उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई करने और आगामी आयोजनों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की उठाई मांग
ग्राम बहादराबाद में आयोजित 128वें श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव के दौरान 9 अक्टूबर की रात पत्थरबाजी, गाली-गलौज और हुड़दंग की घटना सामने आने के बाद श्रीरामलीला कमेटी बहादराबाद ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था तत्काल मजबूत करने की मांग की है। समिति ने आगामी रामलीला मंचन और विशेष तिथियों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का अनुरोध किया है।
समिति के अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने बताया कि 9 अक्टूबर की रात लगभग 11 बजे श्रीरामलीला मंचन के दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने शोर-शराबा किया। समिति के सदस्यों ने उन्हें समझाकर वहां से भेज दिया, लेकिन कुछ देर बाद वे करीब 25–30 अन्य लोगों के साथ वापस आए। आरोप है कि इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए रामलीला बंद कराने की धमकी दी और इसके बाद मंच की ओर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।
रविंद्र चौहान के अनुसार, पत्थरबाजी के दौरान मंच पर मौजूद कलाकारों और मैदान में बैठे दर्शकों, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, को पत्थर लगने से चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों को पकड़ने का प्रयास किया और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। हालांकि, पुलिस बल की संख्या कम होने और उपद्रवियों की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति को तत्काल नियंत्रित करने में कठिनाई हुई। घटना के बाद श्रीरामलीला मंचन कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।
समिति अध्यक्ष ने कहा कि श्रीरामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा और जनआस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे आयोजन के दौरान पत्थरबाजी और हुड़दंग की घटना गंभीर चिंता का विषय है। आगामी दिनों में रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना बेहद आवश्यक है।
समिति ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि 9 अक्टूबर की घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, आगामी रामलीला मंचन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा विशेष रूप से 12 अक्टूबर को श्रीराम बारात और 19 व 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
श्रीरामलीला कमेटी ने क्षेत्राधिकारी बहादराबाद और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार से घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। समिति ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न होगा।