कुंभ मेला 2027: डॉ. नरेश चौधरी ने पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण – prabhatsahara.com

कुंभ मेला 2027: डॉ. नरेश चौधरी ने पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण

दीपक मिश्रा

26 अक्टूबर 2026

सशस्त्र प्रशिक्षण केंद्र हरिद्वार में पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कर्मिकों को कुंभ मेला 2027 प्रशिक्षण के अंतर्गत तेरहवें चरण में इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमैन प्रोफेसर डॉ नरेश चौधरी ने प्रशिक्षण दिया। जिसके लिए पुलिस महानिरीक्षक अनंतकुमार ताकवाले ने डॉ नरेश चौधरी की विशेष रूप से सराहना की। सशस्त्र पुलिस केंद्र हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 के निर्वघ्न संपन्न कराने हेतु कुंभ मेला 2027 प्रशिक्षण के अंतर्गत पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कार्मिकों हेतु विगत चार माह से पुलिस विभाग उत्तराखंड के निर्देशन एवं कुंभ मेला पुलिस विभाग के संयोजन में विभिन्न चरणों में लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में तेरहवें चरण के समापन पर उत्तराखंड पुलिस महानिरीक्षक अनंत कुमार ताकवाले ने कहा कि अब तक पूर्व में कुंभ मेला, अर्धकुंभ मेला मे कार्य करने वाले अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा 3505 पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को कुंभ मेला 27 के लिए प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत ही इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमैन प्रोफेसर डॉ नरेश चौधरी ने प्रत्येक चरण में प्रशिक्षण देकर 3505 पुलिस कार्मिकों को कुंभ मेला इतिहास, भीड़ नियंत्रण प्रबंधन, अखाड़ों की कुंभ मेला ,अर्धकुंभ मेले में विशेष परंपरा,पेशवाईयां शाही (अमृत) स्नानो ,पूर्व मे हुए कुंभ मेलों की विशेष घटनाओं तथा घटनाओं के उपरांत जाँच आयोग की रिपोर्ट एवं उनका अनुपालन विषयों पर विशेष रूप से प्रशिक्षित किया। साथ ही साथ कुंभ मेला में स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी सामाजिक संस्थाओं के स्वयंसेवकों, व्यापारियों, साधु-संतों, आश्रमों, धर्मशालाओं, होटलों एवं अन्य कुंभ मेले में सक्रिय सहभागिता करने वाली संस्थाओं, विभागों के कर्मियों से परस्पर सामंजस्य स्थापित कर उन सब की विशेष जिम्मेदारी को केंद्रित करते हुए अहम भूमिका पर भी विशेष रूप से पुलिस कार्मिकों का ध्यान आकर्षित करते हुए व्याख्यान देकर स्वयं द्वारा चार दशकों में हुए विभिन्न बड़े-बड़े स्नान पर्वों एवं आयोजनों में निर्वहन किए गए दायित्वों एवं अनुभवों से रूबरू कराया। उत्तराखंड पुलिस महानिरीक्षक अनंत कुमार ताकवाले एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने डॉ नरेश चौधरी द्वारा सभी तेरह चरणों में 2027 कुंभ मेला प्रशिक्षण के अंतर्गत 3505 पुलिस कार्मिकों को प्रशिक्षण देकर विशेष रूप से प्रशिक्षित करने के लिए सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। डॉ नरेश चौधरी ने कहा कि कुंभ मेला 2027 में श्रद्धालुओं और यात्रियों की संख्या पूर्व में हुए कुंभ मेलों की अपेक्षा भीड़ नियंत्रण प्रबंधन की दृष्टि से अधिक होगी। क्योंकि अब मीडिया, सोशल मीडिया भी जनमानस को स्नान पर्वों के प्रति जागरूकता फैलाता है, जिससे लोगों में कुंभ मेले के विशेष स्नान पर्वों पर स्नान करने की ही सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। इसलिए पुलिस विभाग द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षणों से कार्मिकों को मानसिक रूप से भी परिपक्व किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *