हरिद्वार समेत देशभर में गूंजेगा वंदे मातरम्

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर विद्या भारती रचेगी विश्व कीर्तिमान, 25 सितंबर को कुंभनगरी हरिद्वार सहित देशभर में होगा सामूहिक गायन

उत्तराखंड में 2 लाख विद्यार्थी, अध्यापक व अभिभावक होंगे गायन में शामिल

राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूरे होने पर विद्या भारती देशभर में सामूहिक गायन कर नया विश्व कीर्तिमान बनाने जा रही है। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम का नाम ‘नमामि भारतम्’ रखा गया है। यह आयोजन 25 सितंबर को सुबह ठीक 11 बजे होगा।

विद्या भारती के मायापुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर कैंप कार्यालय में प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल सिंह ने बताया कि राज्य के विद्या भारती संचालित सभी 548 विद्यालय परिसरों के साथ ही पोषित ग्राम और वार्डों में भी कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में सभी 13 जिला केंद्रों पर 5000 से अधिक संख्या वाले कार्यक्रम करने की योजना है। पूरे प्रदेश में कुल 2 लाख छात्र, अध्यापक तथा अभिभावकों द्वारा वंदे मातरम् गायन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के प्रांतीय संयोजक नत्थीलाल बंगवाल के नेतृत्व में सभी जिला केंद्रों में स्थित सरस्वती विद्या मंदिरों के प्रधानाचार्य जिला संयोजक का दायित्व संभालेंगे।

विद्या भारती के प्रांतीय मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ल ने बताया कि सामूहिक वंदे मातरम् गायन अभियान में देशभर में एक करोड़ से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य है। आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए प्रतिभागियों की संख्या से लेकर वीडियो रिकॉर्डिंग तक की व्यापक व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि देशभर में विद्या भारती से जुड़े करीब 25 हजार औपचारिक और अनौपचारिक विद्यालय तथा संस्कार केंद्र अभियान में शामिल होंगे। इनके डेढ़ लाख से अधिक आचार्य और 36 लाख विद्यार्थी सीधे जुड़ेंगे। इसके अलावा पूर्व छात्र, पूर्व आचार्य, अभिभावक और प्रबुद्ध नागरिक भी सहभागी बनेंगे।

मुख्य आयोजन में सुबह 10 बजे प्रतिभागियों का आगमन और पंजीयन होगा। दीप प्रज्ज्वलन के बाद सुबह 11 बजे से 3 मिनट 13 सेकंड तक देशभर में एक साथ एक स्वर एक लय में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *