दीपक मिश्रा
9 अक्टूबर 2026
*सीता जन्म और ताड़का वध की लीला ने मोहा श्रद्धालुओं का मन, खचाखच भरा रामलीला मैदान*
हरिद्वार। श्री रामलीला कमेटी रजि. हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित 103वें वार्षिक रामलीला उत्सव के चौथे दिन सीता जन्म और ताड़का वध की लीला का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय, दमदार संवाद और भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लीला देखने के लिए रामलीला मैदान श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा।
अध्यक्ष वीरेंद्र चड्ढा ने कहा कि रामलीला हमारी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और संस्कारों का प्रतीक है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। कमेटी का प्रयास है कि हर वर्ष रामलीला का आयोजन और अधिक भव्यता के साथ किया जाए।
रामलीला संपत्ति कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील भसीन ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला उत्सव है। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति आयोजन की सफलता और भगवान श्रीराम के प्रति लोगों की अटूट आस्था को दर्शाती है।
दादा गुरु भगवत शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में पात्रों ने शानदार अभिनय का प्रदर्शन किया ।
कार्यक्रम का संयुक्त मंच संचालन ट्रस्ट के मंत्री विनय सिंघल एवं प्रवक्ता डॉ. संदीप कपूर ने किया। इस अवसर पर कमेटी के महामंत्री महाराज कृष्ण सेठ, शर्मा, रविकांत अग्रवाल, अंजना चड्ढा, कन्हैया खेवड़िया, ऋषभ मल्होत्रा, पवन शर्मा, राहुल वशिष्ठ, विशाल गोस्वामी, विकास सेठ, महेश गौड़, सुरेंद्र अरोड़ा, अनिल सखूजा, गोपाल छिब्बर, वीरेंद्र गोस्वामी, मनोज बेदी, सुनील वधावन, मनोज सहगल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य एवं रामलीला प्रेमी मौजूद रहे।