दीपक मिश्रा
6 अक्टूबर 2026
श्री रामलीला कमेटी हरिद्वार के 103वें वार्षिक उत्सव का भव्य शुभारंभ
नारद मोह और इन्द्र दरबार की लीला ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
हरिद्वार। श्री रामलीला कमेटी हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित 103वें वार्षिक रामलीला उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र चड्ढा एवं श्री रामलीला संपत्ति कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील भसीन द्वारा संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर रामलीला मंच का विधिवत पूजन दादागुरु भगवत शर्मा एवं मंत्री विनय सिंघल द्वारा कर भगवान श्रीराम से आयोजन की सफलता एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
रामलीला के प्रथम दिन नारद मोह एवं इन्द्र दरबार की भावपूर्ण लीला का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी पहुंचे।
इस अवसर पर अध्यक्ष वीरेंद्र चड्ढा ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। 103 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है।
श्री रामलीला संपत्ति कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील भसीन ने कहा कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा का संदेश समाज तक पहुंचता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
ट्रस्ट के मंत्री विनय सिंघल ने कहा कि रामलीला के सफल आयोजन के लिए कमेटी के सभी पदाधिकारी और सदस्य पूरी निष्ठा के साथ जुटे हुए हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला में पहुंचने की अपील की।
प्रवक्ता डॉ. संदीप कपूर ने कहा कि 103वें वार्षिक उत्सव को लेकर रामलीला प्रेमियों में खासा उत्साह है। मंचन के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
रविंद्र अग्रवाल ने कहा कि रामलीला हमारी सनातन संस्कृति की जीवंत पहचान है और इसे भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए सभी सदस्य मिलकर कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर कमेटी के महामंत्री महाराज कृष्ण सेठ, अंजना चड्ढा, रवि कांत अग्रवाल, कन्हैया खेवड़िया, ऋषभ मल्होत्रा, पवन शर्मा, राहुल वशिष्ठ, विशाल गोस्वामी, विकास सेठ, महेश गौड़, सुरेंद्र अरोड़ा, अनिल सखूजा, गोपाल छिब्बर, वीरेंद्र गोस्वामी, मनोज बेदी, मनोज सहगल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य एवं रामलीला प्रेमी मौजूद रहे।