जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में हरिद्वार रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित किए जाने तथा ऑटो, विक्रम एवं ई-रिक्शा के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु आज संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया।
संयुक्त निरीक्षण में नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा, क्षेत्राधिकारी (नगर) शिशुपाल सिंह नेगी तथा यातायात निरीक्षक संदीप नेगी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्र में यातायात के आवागमन, ऑटो-विक्रम एवं ई-रिक्शा के ठहराव, यात्रियों के पिक-अप/ड्रॉप तथा भीड़ के समय उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं का मौके पर निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन के मुख्य मार्ग एवं प्रवेश क्षेत्र में अनावश्यक रूप से वाहनों के खड़े रहने से यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए होल्डिंग एरिया विकसित किए जाने की योजना पर विशेष रूप से चर्चा की गई। प्रस्तावित व्यवस्था के अंतर्गत आवश्यकता के अनुरूप सीमित संख्या में ही ऑटो, विक्रम एवं ई-रिक्शा को रेलवे स्टेशन के पिक-अप क्षेत्र में आने देने तथा शेष वाहनों को निर्धारित होल्डिंग एरिया में व्यवस्थित रूप से खड़ा किए जाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। इससे स्टेशन के सामने वाहनों का अनावश्यक जमाव कम करने के साथ यात्रियों को सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
स्थलीय निरीक्षण के उपरांत यह भी निर्णय लिया गया कि प्रस्तावित व्यवस्था को व्यावहारिक एवं प्रभावी बनाने के लिए ऑटो-विक्रम यूनियन तथा ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों के साथ दिनांक 29 सितंबर को बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में यूनियनों के सुझाव प्राप्त करते हुए होल्डिंग एरिया, पिक-अप/ड्रॉप व्यवस्था तथा वाहनों के सुव्यवस्थित संचालन के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
जिला प्रशासन, पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा आपसी समन्वय से ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात का निर्बाध संचालन सुनिश्चित हो, यात्रियों को सुविधा मिले तथा ऑटो, विक्रम एवं ई-रिक्शा का संचालन भी व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।