दीपक मिश्रा
हरिद्वार, 30 सितंबर 2026
*सम्मानित होकर खिली बाल नृत्य कलाकारों के चेहरों पर मुस्कान
प्रयाग संगीत समिति, प्रयागराज से सम्बद्ध न्यू धीरवाली (ज्वालापुर) स्थित झंकार डांस एकेडमी के बाल नृत्य कलाकारों को एक कार्यक्रम में प्रवेशिका से प्रभाकार तक की विभिन्न वर्षों की परीक्षाओं में आशातीत सफलताएँ प्राप्त करने पर प्रमाण पत्रों के माध्यम से सम्मानित किया गया।
झंकार डांस एकेडमी के स्टूडियो में उक्त प्रमाण पत्र अध्यात्म चेतना संघ के संस्थापक व संचालक आचार्य करुणेश मित्र एवं चेतना पथ के सम्पादक, कवि एवं साहित्यकार अरुण कुमार पाठक के करकमलों द्वारा प्रदान किये गये। इस अवसर पर एकेडमी की संरक्षिका श्रीमती अर्चना वर्मा तिवारी भी उपस्थित थीं, जबकि, सम्मानित होने वाले बाल नृत्यकलाकारों में तीन वर्ष की आयु तक के बच्चे भी शामिल थे। इस कलाकारों के चेहरों पर सफलताओं की खुशी सहज ही पढ़ी जा सकती थी। सम्मानित हुए बाल नृत्य कलाकारों में स्वीकृति तिवारी, वन्या, जैसिका वालिया, काशवी, अन्विता उपाध्याय, अदिति सैनी, अन्यका, आदिश्री, आदित्य चौहान, अंशिका, शामवी, अर्ना वर्मा, तनिष्का वर्मा, दिया सैनी, अदिति बेलवाल, विंध्या सक्सैना तथा रक्षा राणा आदि शामिल रहे।
एकेडमी की संचालिका तथा युवा नृत्यांगना व कुशल नृत्य निर्देशिका आचार्य स्वाति वर्मा ने इस अवसर पर बताया कि यह एकेडमी विगत एक दशक से कथक के अलावा पश्चिमी, बालीवुड, सालसा, कपुल सालसा, भांड़ा, गिद्दा, लावणी और गरबा-डांडिया जैसी नृत्य कलाओं के साथ-साथ वाद्य संगीत का प्रशिक्षण भी योग्य प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया जाता है। यहाँ से प्रशिक्षित कलाकार हरिद्वार और आसपास के अनेक मंचोंपर अपनी प्रस्तुतियाँ दे चुके हैं।