स्वामी श्रद्धानंद को भारत रत्न देने की उठी मांग – prabhatsahara.com

स्वामी श्रद्धानंद को भारत रत्न देने की उठी मांग

दीपक मिश्रा

15 नवंबर 2026

आर्य समाज सेक्टर-1 बीएचईएल हरिद्वार का तीन दिवसीय 62वां वार्षिकोत्सव संपन्न,

स्वामी श्रद्धानंद को भारत रत्न दिया जाए- स्वामी चिदानंद मुनि

आर्य समाज ने भारत को वेदों की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया-चिदानंद मुनि

हरिद्वार।

आर्य समाज सेक्टर-1 बीएचईएल हरिद्वार का तीन दिवसीय 62वां वार्षिकोत्सव आज गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। संस्था के 62 वें वार्षिकोत्सव के समापन अवसर पर 31 कुंडीय यज्ञ के का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आर्य समाजियों ने भाग लिया l यज्ञ के सभी यजमान उत्साहित थे l आर्य समाज बीएचईएल के इस केंद्र में पहली बार सामवेद परायण यज्ञ का आयोजन किया गया।आर्य समाज बीएचईएल की कार्यकारिणी और वरिष्ठ सदस्यों के अतिरिक्त वानप्रस्थ आश्रम, आर्यसमाज आर्यनगर, इन्द्रलोक आदि और नगर के अनेक गणमान्य नागरिक समापन समारोह में सम्मिलित हुए l

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि ने कहा कि आर्य समाज की शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने में स्वामी श्रद्धानंद जी का महत्वपूर्ण योगदान है, उन्होंने नारी शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी काम किया और मैकाले की शिक्षा को अंग्रेजी शासन काल में समाप्त करने के लिए गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की स्थापना कर एक क्रांतिकारी कदम उठाया। उन्होंने भारत सरकार से स्वामी श्रद्धानंद जी को भारत रत्न देने की मांग की और उनके शताब्दी बलिदान दिवस पर इससे बड़ी कोई और श्रद्धांजलि नहीं हो सकती है।

स्वामी चिदानंद मुनि ने कहा कि भारत की जनता को अब फिर से वेदों की ओर लौटना होगा, तभी हमारी संस्कृति और संतति बचेगी। उन्होंने कहा कि सालों साल पहले स्वामी दयानंद सरस्वती ने आर्य समाज की स्थापना कर लोगों को वेदों की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया था,जिस कारण हमारी संस्कृति बची हुई है। उन्होंने कहा कि वेद ही हमारी संस्कृति का सबसे बड़ा सार है।

यज्ञ के ब्रह्मा और मुख्य वक्ता उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सचिव प्रोफेसर विनय विद्यालंकार, 7 साल की बालिका श्रुति और गुरुकुल के ब्रह्मचारियों ने वेदों की ऋचाएं सुनाई।

प्रोफेसर विनय विद्यालंकार ने कहा कि आर्य समाज ने सनातन धर्म की रक्षा के लिए हमेशा महत्वपूर्ण कार्य किया है। अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन और मंदिर के निर्माण में आर्य समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में आर्य समाज सेक्टर-1 बीएचईएल हरिद्वार के अध्यक्ष एवं बीएचईएल नई दिल्ली के पूर्व कार्यकारी निदेशक डॉक्टर बलवीर तलवार ने कहा कि पहली बार आर्य समाज बीएचईएल द्वारा सामवेदीय यज्ञ का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर आचार्य डॉ रामकृष्ण शास्त्री, संस्था के संरक्षक ओपी बत्रा, मंत्री मदन सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता कार्यक्रम के मुख्य संयोजक आचार्य योगेंद्र मेधावी, संजीव गुप्ता, जगदीश लाल पाहवा, डॉ राधिका नागरथ आदि ने विचार रखें। कार्यक्रम का संचालन आचार्य योगेंद्र मेधावी ने किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *